Image

झंझारपुर की बेटी शैली कुमारी ने रचा इतिहास — बनीं पहली महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट


झंझारपुर की बेटी शैली कुमारी ने रचा इतिहास — बनीं पहली महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट

झंझारपुर संवाददाता

झंझारपुर: प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती — इसे सच कर दिखाया है झंझारपुर बाजार की शैली कुमारी ने, जिन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शैली, स्थानीय व्यवसायी अरुण कुमार अग्रवाल एवं सीमा देवी की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एम.एन. डीएवी पब्लिक स्कूल, झंझारपुर से प्राप्त की और इंटरमीडिएट की पढ़ाई धनबाद पब्लिक स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने कोलकाता यूनिवर्सिटी से सीए की तैयारी कर यह सफलता प्राप्त की।
कहा जाता है कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती — शैली ने दूसरी कोशिश में सफलता पाकर इस बात को सिद्ध कर दिया। झंझारपुर बाजार में करीब 20 से 25 चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, लेकिन शैली पहली महिला सीए हैं, जिसने यह गौरव हासिल किया है।
शैली ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता और शिक्षकों के सहयोग के बिना संभव नहीं थी। वह भविष्य में किसी प्रतिष्ठित कंपनी में काम कर अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहती हैं।
शैली की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। बधाई देने वालों में शंभू प्रसाद अग्रवाल, सदनचंद्र, बिल्लू केजरीवाल, तपेश्वर सिंह, ललन सिंह सहित कई प्रतिष्ठित लोग शामिल हैं।
Loader GIF